Jamshedpur : जमशेदपुर में गाजियाबाद की मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ गबन का एक और मामला दर्ज किया गया। यह मामला साकची थाने में फिल्म अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी, सिने स्टार गोविंदा, चंकी पांडे और शक्ति कपूर सहित कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह और जमशेदपुर शाखा प्रबंधक शिव नारायण पात्रो के खिलाफ दर्ज किया गया।
शिकायत का आधार
साकची थानेदार ने बताया कि मामला बर्मामाइंस निवासी जसपाल सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने मैक्सीजोन कंपनी में 8 लाख रुपये निवेश किए थे। कंपनी ने उन्हें हर माह 15 प्रतिशत ब्याज देने का वादा किया था, लेकिन न तो तय समय पर ब्याज दिया गया और न ही मूल राशि लौटाई गई।
अदालत की कार्रवाई
शिकायत पर अदालत ने साकची थाने को एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभिनेताओं पर क्या आरोप
वादी जसपाल सिंह के अनुसार, निवेश कराने से पहले उन्हें कंपनी से जुड़े फिल्म अभिनेताओं के विज्ञापन और प्रचार सामग्री दिखाई गई। इससे उन्हें भरोसा दिलाया गया कि कंपनी सुरक्षित और विश्वसनीय है। जमशेदपुर शाखा के प्रबंधक शिव नारायण पात्रो ने कहा था कि कंपनी को फिल्म अभिनेताओं का समर्थन प्राप्त है। इसी भरोसे में जसपाल सिंह ने बड़ी रकम निवेश कर दी। बाद में जब उन्होंने पैसे और ब्याज मांगे तो कंपनी टालमटोल करने लगी।
पहले से गिरफ्तारी
गाजियाबाद की मैक्सीजोन कंपनी ने पहले भी हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी की है। कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले हैं। पिछले साल पुलिस ने उन्हें कोडरमा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों जेल में बंद हैं।
Also Read : सिर्फ 5 आदतों को अपनाकर आसानी से किया जा सकता है वजन कम… जानें


