Patna : पटना वीमेंस कॉलेज में आज स्पोर्ट्स-डे का आयोजन हुआ। इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रन शंकरण मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस साल की एनुअल स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं की इंडोर चैंपियन ज्योग्राफी थर्ड ईयर की अंबिका कुमारी बनीं।
कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं ने विभिन्न इंडोर खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। झंडोत्तोलन के बाद तीसरे साल की छात्राओं ने कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में पहला स्थान वोकेशनल तृतीय वर्ष (ग्रुप A), दूसरा स्थान B.A. तृतीय वर्ष (ग्रुप A) और तीसरा स्थान संयुक्त रूप से B.Com. तृतीय वर्ष और वोकेशनल तृतीय वर्ष (ग्रुप B) ने हासिल किया। छात्राओं ने रंगों और खेल-कूद के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि रवीन्द्रन शंकरण ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर खेल-कूद में महिलाएं महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने अब तक ओलिंपिक में जीतने वाले 80 प्रतिशत पदक महिलाओं की वजह से हासिल किए हैं। सरकार की योजना ‘मेडल लाओ-नौकरी पाओ’ के तहत महिला खिलाड़ियों को नौकरी में प्राथमिकता दी जाती है।
रवीन्द्रन शंकरण ने योगा का भी विशेष उल्लेख किया और कहा कि अब इसे खेल-कूद में शामिल किया गया है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि उनकी टीम कॉलेज में आकर प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन करेगी और उनकी क्षमता को तराशेगी। इस तरह के आयोजन छात्राओं में खेल-कूद के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाने में सहायक साबित होते हैं।


