Palamu : पलामू के सदर थाना क्षेत्र में चियांकी पहाड़ के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। फ्लाईओवर से स्कूटी सहित गिरकर 14 वर्षीय किशोर अमन उरांव की मौत हो गई। अमन पोखरहा गांव का रहने वाला था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात एएसआई योगेंद्र पासवान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल अमन को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
अमन की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। इतनी कम उम्र में इस तरह की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही एमएमसीएच पुलिस चौकी के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा कैसे हुआ, इसे लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
हादसा या लापरवाही, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। स्कूटी से गिरने की वजह क्या थी, इसमें किसी तरह की लापरवाही या अन्य कारण तो नहीं, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
