जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के मामलों में CID ने कार्रवाई तेज कर दी है. CID ने JPSC और JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
CID की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, JPSC प्रतियोगिता परीक्षा के संबंध में CID थाना कांड संख्या 16/2026 दर्ज है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक रोशन (29 वर्ष), पिता संजय कुमार सिंह, निवासी संजय पथ, नियर सुंदर नगर गार्डन, मानगो, थाना उलीडीह, जमशेदपुर और पंकज प्रफुल (32 वर्ष), पिता अनिल कुमार सिंह, निवासी शिव भवन, कमलाकांत रोड, थाना सुखदेवनगर, रांची के रूप में हुई है.
CID के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार आरोपी ‘शिवांग पाठशाला, लालपुर’ के कोचिंग संचालक रंजीत कुमार के माध्यम से परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया गया था. मामले में आगे की जांच जारी है.
हालांकि 14 सितंबर को भी CID ने JPSC मामले में शिवांगन कोचिंग के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार किया था. CID के मुताबिक, संजीत कुमार परीक्षा से जुड़े मामले में एजेंट के तौर पर काम कर रहा था. इसी दिन JSSC-CGL मामले में दिलीप कुमार पासवान की भी गिरफ्तारी हुई थी. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
JSSC-CGL मामले में भी दो गिरफ्तार
इधर, JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा से संबंधित CID थाना कांड संख्या 01/2025 में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें राजेश प्रसाद यादव, पिता उदयश्री यादव, साकिन वार्ड संख्या-08, थाना गोविंदपुर, पोस्ट बरही, थाना डोमचांच, जिला कोडरमा और संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह, साकिन पूर्णा नगर, थाना कोडरमा, जिला कोडरमा शामिल हैं.
CID के अनुसार, दोनों आरोपियों ने JSSC-CGL परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया था. गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. CID की इस कार्रवाई के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता से जुड़े मामलों की जांच और तेज होने की संभावना है.
बदला बर्खास्तगी का तरीका, NPU VC दिनेश सिंह पर राजभवन ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

