Johar Live Desk : मेक्सिको में हुए एक बड़े रेल हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल हुए हैं। राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने इस दुखद घटना पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि नौसेना की ओर से 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है और राहत व बचाव कार्य के लिए सरकारी एजेंसियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया है। राष्ट्रपति ने ओक्साका के गवर्नर सोलोमन जारा को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित यात्रियों को हरसंभव सहायता दी जाए।
हादसे के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। यह रेल दुर्घटना निजांडा शहर के पास हुई। गवर्नर सोलोमन जारा ने बताया कि हादसे में घायल 60 से अधिक यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
गवर्नर के अनुसार, हादसे के समय ट्रेन में करीब 250 यात्री सवार थे, जिनमें से 139 सुरक्षित हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राष्ट्रपति शिनबाम ने यह भी कहा कि नौसेना सचिव और गृह मंत्रालय के उप सचिव को घटनास्थल पर भेजा गया है और वे मृतकों के परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।
बताया जा रहा है कि जिस अंतरमहासागरीय रेल सेवा में यह हादसा हुआ, उसकी शुरुआत साल 2023 में की गई थी। यह रेल मार्ग प्रशांत महासागर और मेक्सिको की खाड़ी को जोड़ता है और सलीना क्रूज से कोएट्ज़ाकोल्कोस के बीच संचालित होता है। सरकार इस रेल परियोजना को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानती है और तेहुआंटेपेक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के तहत इसे और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।


