सिमडेगा: पत्रकार अभिषेक भारती को पुलिस हिरासत में कथित तौर पर यातना दिए जाने के मामले में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से मामले का स्वतः संज्ञान लेने और अपनी निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है.
बाबूलाल मरांडी के अनुसार, अभिषेक भारती के साथ पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए घंटों मारपीट की. उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर को अपराह्न करीब तीन बजे तक अभिषेक के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई. आरोप है कि उनके तलवों पर लाठियां मारी गईं और उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर हाथों पर प्रहार किया गया.
मरांडी ने दावा किया कि प्रताड़ना से परेशान होकर अभिषेक ने पुलिसकर्मियों से यहां तक कहा कि उनसे जो लिखवाना है, लिखवा लें और सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लें, लेकिन पिटाई बंद कर दें. इसके बाद उनके बेहोश होने की बात कही गई है.
अदालत में बेहोश होकर गिरने का दावा
बाबूलाल मरांडी ने अभिषेक की न्यायालय में पेशी को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाए जाने के दौरान अभिषेक अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे. चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वह बेहोश होकर गिर पड़े. मरांडी ने कहा कि उनकी हालत देखकर न्यायालय ने तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था. हालांकि, आरोप है कि पुलिस उन्हें पहले टाउन थाना ले गई और बाद में सदर अस्पताल पहुंचाया.
मरांडी को मिली अंतिम सूचना के अनुसार, अभिषेक अस्पताल में अचेत अवस्था में थे. उन्होंने उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि और समुचित इलाज सुनिश्चित करने की मांग की है.
वीडियो बनाने वाले तीन पत्रकारों के मोबाइल से रिकॉर्डिंग मिटाने का आरोप
इस मामले में तीन अन्य पत्रकारों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई पर भी बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाए हैं. आरोप है कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाना ले जाया गया. उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर करीब चार घंटे तक थाने में बैठाया गया और रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट करने के बाद उन्हें छोड़ा गया.
मरांडी ने इन पत्रकारों के बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज कराने और यह पता लगाने की मांग की है कि मोबाइल से वीडियो किसने और किसके निर्देश पर हटाए.
सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग
बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा एसपी से सवाल किया है कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय और अदालत में पेश करते समय उनकी शारीरिक स्थिति क्या थी? पेशी के बाद उन्हें कहां ले जाया गया और किस समय सदर अस्पताल पहुंचाया गया? उन्होंने कहा कि इन सवालों के जवाब पुलिस की स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के अभिलेख और अस्पताल के रजिस्टर से मिल सकते हैं.
उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से पाकरटांड़ और टाउन थाना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, हिरासत और पेशी से जुड़े दस्तावेज तथा सदर अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है. साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराने और चिकित्सकीय रूप से सक्षम होने पर आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में उनका बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया है.
मरांडी ने कहा कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होती है. यदि पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो पद और प्रभाव की परवाह किए बिना उनके खिलाफ कानूनसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी दमनात्मक कार्रवाई बर्दाश्त नहीं करेगी.


No comments yet. Be the first to comment!