जोहार लाइव ब्यूरो
पलामू : दुबई प्रशासन की हिरासत में महीनों से बंद पलामू के हुसैनाबाद प्रखंड के दादरा पोखराही गांव निवासी शशि कुमार पासवान की सकुशल घर वापसी को लेकर विधायक जयराम महतो ने पहल की है. शशि पासवान की धर्मपत्नी और मां ने न्याय की गुहार लगाते हुए विधायक से संपर्क किया था. परिवार की पीड़ा को देखते हुए विधायक ने विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का भरोसा दिया था.
इसी क्रम में विधायक जयराम महतो ने विधानसभा में पीड़ित परिवार की मुलाकात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कराई. इस दौरान शशि पासवान की पत्नी और मां ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी देते हुए अपनी परेशानी और पीड़ा रखी. मुख्यमंत्री ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आगे आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया.
विधायक जयराम महतो ने कहा कि एक मां की आंखों में बेटे की घर वापसी की उम्मीद और पत्नी के चेहरे पर अपने जीवनसाथी से मिलने की आस को समझना बेहद भावुक करने वाला है. उन्होंने पीड़ित परिवार को अपने आवास पर बुलाकर उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी कराई, ताकि इस कठिन समय में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए होते हैं. किसी भी पीड़ित परिवार की आवाज अनसुनी नहीं होने दी जाएगी. शशि पासवान की सकुशल घर वापसी के लिए हरसंभव मदद और पहल जारी रहेगी.
Also Read : 26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां : भाग 4 – 6,067 करोड़ का पहला बजट, अब 1.50 लाख करोड़ रुपये


No comments yet. Be the first to comment!