जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्यभर में जनकल्याण, आजीविका, खेल और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. सोमवार को रांची सहित विभिन्न जिलों में आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया. किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता मिली और युवाओं को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया. पंचायत से जिला स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों में विकास योजनाओं के साथ जनभागीदारी पर भी जोर दिया गया.
आवास योजनाओं से बदली तस्वीर, किसानों और पशुपालकों को मिला लाभ
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया. सरायकेला-खरसावां में सोमवार को 76 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया. जिले में 17 से 23 नवंबर तक कुल 677 परिवारों का गृह प्रवेश कराया जा चुका है. वहीं कोडरमा में 41 और गोड्डा में 29 परिवारों को पक्के मकान की सौगात मिली.
दूसरी ओर रांची, कोडरमा, जमशेदपुर और पाकुड़ समेत विभिन्न जिलों में कृषि मेला, रबी कार्यशाला, बीज वितरण और पशुपालन शिविर लगाए गए. किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल बीमा की जानकारी दी गई. रांची में 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया. गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन हुआ. साथ ही मत्स्यजीवियों और लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया.
महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक खेलों को मिला बढ़ावा
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए जेएसएलपीएस के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों, वित्तीय प्रबंधन और पोषण वाटिका से जोड़ा गया. जमशेदपुर के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई. विभिन्न जिलों में महिला समूहों के सम्मान समारोह और किचन गार्डन किट वितरण के कार्यक्रम भी हुए.
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के तहत रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ. इसमें पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया. वहीं बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोककला और जनजातीय परंपराओं को मंच दिया गया.
स्वास्थ्य शिविर, बाल अधिकार और सामाजिक जागरूकता पर विशेष जोर
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत जमशेदपुर के बहरागोड़ा में मिर्गी जांच शिविर लगाया गया, जहां 30 नए मरीजों को परामर्श एवं दवा दी गई, जबकि 61 पुराने मरीजों की जांच की गई. सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच हुई. लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी गई.
इसके अलावा चतरा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा समेत विभिन्न जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए. स्थापना दिवस पखवाड़ा के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.
Also Read:झारखंड : कांग्रेस ने AICC सचिव भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को दी 25 जिलों की जिम्मेदारी
No comments yet. Be the first to comment!