जामताड़ा : मिहिजाम थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बालक को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं. बरामद जेवरात में एक जोड़ा पायल, गले का हार और एक चेन शामिल है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा ने बुधवार को मेरी जान थाना परिसर में प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस बाबत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 26 वर्षीय शिव कुमार पासी, निवासी कानगोई, थाना मिहिजाम के लिखित आवेदन पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मिहिजाम थाना कांड संख्या 83/2026, दिनांक 2 नवंबर 2026 को मामला दर्ज किया गया था. मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के आतिश कोयरी (20), प्रेम गोराई (35) और सोमु पात्रो (20) को गिरफ्तार किया. वहीं, पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिले के सालानपुर थाना क्षेत्र के एक बालक को निरुद्ध किया गया.
पैसे के लालच में काम में लाया
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उन्होंने बताया कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के जयराम और आर्यन ने अधिक पैसे का लालच देकर उन्हें इस काम के लिए बुलाया था. पुलिस के मुताबिक, जयराम और आर्यन के बताए अनुसार ही घटना को अंजाम दिया गया था.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, पुलिस निरीक्षक अब्दुल रहमान, मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा, साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह, अलित सागर केरकेट्टा, मिहिजाम थाना के सहायक अवर निरीक्षक सुजन कुमार रवानी एवं छोटेलाल कुमार तथा तकनीकी शाखा के आरक्षी संतोष कुमार सिंह शामिल थे.

