रांची. उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह हुए भीषण बस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए. हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास हुआ. यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी. हादसे में झारखंड के दुमका जिले के कई यात्री भी घायल हुए हैं.
जानकारी के अनुसार, बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग जा रही थी. मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गूलर बाजार के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बस सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
दुर्घटना में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है.
दुमका के कई यात्री जख्मी
इस हादसे में दुमका जिले के छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों की सूची में मोहम्मद वहाब अंसारी, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू, राजकुमार, मुन्ना सिंह और परेश मराठी के नाम शामिल हैं. ये सभी दुमका जिले के छैलापाता, ढोड़िया, ऊपर मजियारा, ऊपर मनियारा और करड़ी के रहने वाले हैं.
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में सड़क पर तीव्र ढलान वाला मोड़ दुर्घटना की वजह माना जा रहा है. एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा के अनुसार, हादसे के दौरान सड़क किनारे लगा क्रैश बैरियर बस को नीचे गिरने से नहीं रोक सका. जांच में यह भी सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का टैक्स 31 अक्टूबर को समाप्त हो चुका था. बस की फिटनेस और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.
इधर, झारखंड के राज्यपाल ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
Also Read : पत्नी के फोन करने पर जवाब न देना क्रूरता नहीं : कलकत्ता हाईकोर्ट



