जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड के युवा आदिवासी फिल्मकार सौरभ मुंडा की फिल्म ‘ए रिवर कलर्ड रेड (मियद आरा: गाड़ा)’ का चयन धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 15वें संस्करण के लिए हुआ है. यह महोत्सव 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के अपर धर्मशाला स्थित तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज में आयोजित होगा. फिल्म का चयन झारखंड की आदिवासी संस्कृति, भाषा और सामाजिक यथार्थ को सिनेमा के जरिए सामने लाने की दिशा में एक अहम उपलब्धि है.
मुंडारी भाषा में बनी यह फिल्म एक आदिवासी परिवार की कहानी कहती है, जो खनन और बाहरी हस्तक्षेप के बीच अपने निजी संघर्षों से जूझ रहा है. फिल्म में लोककथाओं, मिथकों और वास्तविक जीवन के अनुभवों को एक साथ पिरोया गया है. इसके जरिए आदिवासी समाज के जीवन, उसकी सांस्कृतिक पहचान और बदलते सामाजिक परिवेश को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है.
फिल्म का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए चयन क्षेत्रीय भाषाओं और आदिवासी समुदायों की कहानियों को व्यापक मंच मिलने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है. फिल्म को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) का आधिकारिक सहयोग प्राप्त महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा.
बता दें, इससे पहले भी फिल्म ‘ए रिवर कलर्ड रेड (मियद आरा: गाड़ा)’ का चयन मुंबा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हो चुका है.
झारखंड के कलाकारों ने निभाई अहम भूमिका
फिल्म की कहानी, लेखन और निर्देशन सौरभ मुंडा ने किया है. वेसाबो योबिन ने छायांकन, सत्यम महतो ने संपादन, अर्पित नाग ने प्रोडक्शन डिजाइन और मयूरेश राजगुरु ने साउंड रिकॉर्डिंग एवं डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है. फिल्म में आयुष लुगुन, अनुराग लुगुन, सुमन पूर्ति और किसुन पूर्ति प्रमुख भूमिकाओं में हैं. फिल्म की खास बात यह है कि इसके सभी कलाकार झारखंड से हैं.
FTII से पढ़ाई कर चुके हैं सौरभ मुंडा
रांची जिले के रहने वाले सौरभ मुंडा मुंडा आदिवासी समुदाय से आते हैं. उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से डायरेक्शन और स्क्रीनप्ले राइटिंग की पढ़ाई की है. उनके काम में आदिवासी जीवन, सामुदायिक स्मृतियों, लोककथाओं और झारखंड के बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक परिदृश्य की झलक मिलती है.
सौरभ क्षेत्रीय भाषाओं और स्थानीय समुदायों की कहानियों पर काम करते हैं. वर्तमान में वे क्षेत्रीय भाषाओं के साथ हिंदी सिनेमा में भी फिल्म निर्माण से जुड़े हुए हैं. उनकी फिल्म का धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चयन झारखंड की स्थानीय कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
Also Read : झारखंड : सौतन को बहन बनाकर साथ रखने की जिद पड़ी भारी, डॉक्टर का हुआ तलाक
No comments yet. Be the first to comment!