झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का निधन हो गया है. मां के निधन से अर्जुन मुंडा गहरे शोक में हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट साझा कर मां के निधन की जानकारी दी. अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा कि मां के जाने से जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा छिन गया.
अर्जुन मुंडा ने लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था.” उन्होंने बताया कि उनकी पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा.

पति के निधन के बाद खेतों में काम कर संभाला परिवार
सायरा मुंडा का जीवन संघर्ष और त्याग की मिसाल रहा. उनके पति गणेश मुंडा का निधन वर्ष 1971 में हो गया था. पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई. आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खेतों में काम कर बच्चों का पालन-पोषण किया.
अर्जुन मुंडा ने कई मौकों पर अपनी मां के संघर्ष और योगदान को याद किया है. उन्होंने बताया था कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी. उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में परिवार को संभाला और बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दिया. अर्जुन मुंडा ने अपनी पढ़ाई भी आर्थिक चुनौतियों के बीच जारी रखी और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से शिक्षा पूरी की.
बीमार मां के पास बैठकर बजाई थी बांसुरी
मां के प्रति अर्जुन मुंडा का लगाव उनके सार्वजनिक जीवन में भी कई बार दिखाई दिया. नवंबर की शुरुआत में उन्होंने अस्पताल में भर्ती अपनी मां के पास बैठकर बांसुरी बजाई थी. बांसुरी की धुन सुनकर मां के चेहरे पर मुस्कान आ गई थी. उन्होंने बेटे को आशीर्वाद भी दिया था. अर्जुन मुंडा ने इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था.
सायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं. उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार के लोग लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नवंबर की शुरुआत में एक कार्यक्रम के दौरान अर्जुन मुंडा से उनकी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी.
तीन बार मुख्यमंत्री रहे अर्जुन मुंडा के जीवन में मां की अहम भूमिका
अर्जुन मुंडा झारखंड की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं. वे तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे. केंद्र सरकार में उन्होंने जनजातीय कार्य मंत्री और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली. उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन के सफर में मां का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा.
संघर्ष के दिनों में परिवार को संभालने वाली मां को अर्जुन मुंडा अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते थे. उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है. अर्जुन मुंडा के भावुक संदेश से मां के प्रति उनका गहरा लगाव और उनके जाने का दर्द साफ झलकता है.
No comments yet. Be the first to comment!