जोहार लाइव ब्यूरो
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पूर्व राजनीतिक सलाहकार, पूर्व प्रभारी मुख्य सूचना आयुक्त और झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष रह चुके हिमांशु शेखर चौधरी के घर में भीषण चोरी हुई है.
रांची के पुंदाग स्थित सेल सिटी में डुप्लेक्स में निवास करने वाले हिमांशु शेखर चौधरी के घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात सहित कई बहुमूल्य समान चोर उड़ा ले गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक चोरी के वक्त उनका आवास खाली था. वो गोड्डा स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे.
बता दें, हिमांशु शेखर चौधरी के आवास के सामने सेवानिवृत्त एडीजी आरके मलिक और सेवानिवृत्त डीआईजी राजीव सिंह रहते हैं. एक हाई प्रोफाइल और सुरक्षित मानी जानेवाली कॉलोनी में ऐसी घटना ने रांची सहित पूरे झारखंड की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शहर में क्राइम कंट्रोल के लिए समय-समय पर देर रात एसएसपी राकेश रंजन अचानक जांच करने निकलते हैं. इस दौरान दिशा-निर्देश भी देते हैं, लेकिन रात्रि गश्ती करने वाले थानाध्यक्षों पर इसका कोई असर नहीं दिखता.
हाल के दिनों में राजधानी रांची में चोरी के कई बड़े वारदात हुए हैं. इससे पहले 27 जुलाई की रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में कारोबारी अखिलेश पांडे के बंद घर में चोरों ने धावा बोला था. इस वारदात में चोरों ने करीब 65 लाख मूल्य के सोने एवं हीरे के आभूषण और 8 लाख कैश उड़ा लिए थे. हालांकि, रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर जेवर बरामद कर लिए थे.
जुलाई महीने में ही पंडरा ओपी क्षेत्र के एक अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर स्थित डॉ. उमेश कुमार के फ्लैट में चोरों ने दिनदहाड़े करीब 50 से 60 लाख के जेवर और 6-7 लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था.

