जोहर लाइव ब्यूरो
देवघर में चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक ATM को फिल्मी अंदाज में निशाना बनाया. रात के अंधेरे में बदमाशों ने पहले ATM को गैस कटर से काटा, फिर मशीन को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए. इसके बाद भारी-भरकम ATM को कार में लादकर देवीपुर इलाके की ओर फरार हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात को करीब पांच अपराधियों ने अंजाम दिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे. बदमाशों ने गैस कटर की मदद से ATM को काटा और उसे अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद मशीन को करीब 500 मीटर तक घसीटा गया. सड़क पर मिले रगड़ के निशान से पुलिस को इसकी जानकारी मिली.
इसके बाद चोरों ने ATM को एक कार में लादा और देवीपुर क्षेत्र की तरफ लेकर चले गए. वारदात के तरीके से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले से ATM की रेकी की थी और चोरी के लिए जरूरी इंतजाम भी कर रखे थे.
चहारदीवारी के अंदर तोड़ा ATM
ATM चोरी करने के बाद बदमाश उसे देवीपुर थाना क्षेत्र में चितरपुर जाने वाली सड़क के पास स्थित एक चहारदीवारी के अंदर ले गए. सुनसान जगह देखकर अपराधियों ने वहीं ATM को तोड़ दिया और उसमें रखी रकम निकाल ली. इसके बाद मशीन के अवशेष वहीं छोड़कर फरार हो गए.
सुबह आसपास के लोगों की नजर चहारदीवारी के अंदर पड़े ATM के टूटे हिस्सों पर पड़ी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की.

CCTV और सुराग तलाश रही पुलिस
ATM चोरी की इस वारदात के बाद पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है. आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही सड़क पर मिले निशानों और घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है.
Also Read : सीजीएल परीक्षा पेपर लीक केस : एसआइटी की रिपोर्ट, प्रश्नपत्र रटवाने के दौरान मौजूद था अभय तिवारी

