पितृपक्ष मेले की धार्मिक आस्था, परंपरा और भव्यता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए बिहार पर्यटन ने एक खास सोशल मीडिया प्रतियोगिता शुरू की है. “पितृपक्ष मेला: एक इन्फ्लुएंसर की नजर से” नाम की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी वीडियो, रील और दूसरे डिजिटल कंटेंट के जरिए मेले की तस्वीर दुनिया के सामने रख सकेंगे.
इस प्रतियोगिता में कुल 10 विजेताओं को 8.25 लाख रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे. प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण प्रथम पुरस्कार है, जिसके विजेता को 3 लाख रुपये मिलेंगे.
कौन ले सकता है हिस्सा?
बिहार पर्यटन के अनुसार प्रतियोगिता में कंटेंट क्रिएटर, ब्लॉगर, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और रील मेकर हिस्सा ले सकते हैं. इसके अलावा आम लोग भी प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे. प्रतिभागी के पास किसी एक सोशल मीडिया हैंडल पर कम से कम 25,000 फॉलोअर्स होना जरूरी बताया गया है. प्रतिभागियों को पितृपक्ष मेले की गरिमा, धार्मिक महत्व, परंपराओं और आयोजन की भव्यता को अपने क्रिएटिव कंटेंट के जरिए प्रस्तुत करना होगा.
किसे कितना मिलेगा पुरस्कार?
प्रतियोगिता में कुल 10 प्रतिभागियों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे.
- प्रथम पुरस्कार: ₹3,00,000
- द्वितीय पुरस्कार: ₹2,00,000
- तृतीय पुरस्कार: ₹1,00,000
- चतुर्थ पुरस्कार: 2 प्रतिभागियों को ₹50,000-₹50,000
- प्रशंसा पुरस्कार: 5 प्रतिभागियों को ₹25,000-₹25,000
इस तरह सभी पुरस्कारों की कुल राशि ₹8.25 लाख होगी.
वीडियो के जरिए दुनिया तक पहुंचेगा पितृपक्ष मेला
पितृपक्ष मेला बिहार के गया में आयोजित होने वाला प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान और तर्पण करने पहुंचते हैं. बिहार पर्यटन की इस पहल का उद्देश्य सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मेले की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और भव्यता को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करना है.
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को अपने नजरिए और क्रिएटिविटी के जरिए यह दिखाने का मौका मिलेगा कि एक इन्फ्लुएंसर की नजर से पितृपक्ष मेला कैसा दिखाई देता है.
Also Read : ‘कॉकरोच’ फिर लौट आए हैं: लेकिन क्या नीट आंदोलन की तरह लोगों का समर्थन मिल पाएगा?

