खूँटी : जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर खूँटी पुलिस का ‘मिशन मुस्कान’ लगातार जारी है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने पिछले एक महीने में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 28 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. शुक्रवार, 25 सितंबर को सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंप दिए गए.
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए CEIR (Central Equipment Identity Register) Portal समेत अन्य तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया गया. जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस इकाइयों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया.
CEIR पोर्टल की मदद से हुई कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के 22 जुलाई 2026 के निर्देश और खूँटी एसपी के निर्देश पर जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और बरामद करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की. इसके परिणामस्वरूप एक महीने में 28 मोबाइल फोन पुलिस के हाथ लगे.
बरामद मोबाइल फोन जब उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए तो लोगों ने खुशी जताई. मोबाइल वापस मिलने पर धारकों ने खूँटी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया. पुलिस ने बताया कि ‘मिशन मुस्कान’ का उद्देश्य सिर्फ मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि गुम या चोरी हुए मोबाइल को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाना है.
मोबाइल गुम या चोरी हो तो तुरंत करें शिकायत
खूँटी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं. शिकायत के साथ मोबाइल से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने से तकनीकी माध्यमों के जरिए कार्रवाई करने में मदद मिलती है.
पुलिस ने आम लोगों के बीच CEIR पोर्टल के इस्तेमाल और इसके महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए हैं. खूँटी पुलिस का कहना है कि ‘मिशन मुस्कान’ के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की अधिक से अधिक बरामदगी कर उन्हें उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.



