सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार को JSSC-CGL परीक्षा और उसके परिणाम को रद्द करने का ऐलान किया. प्रोजेक्ट भवन में करीब साढ़े चार घंटे चली मैराथन बैठक के बाद यह फैसला सामने आया. मुख्यमंत्री ने कहा कि TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं, उनके परिणाम और चयन प्रक्रिया भी रद्द की जाती है. JSSC-CGL के जरिए करीब 1,975 अभ्यर्थी नौकरी कर रहे थे.
सीएम ने स्पष्ट किया कि TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं, उनसे जुड़े जारी परिणाम और चयनित अभ्यर्थियों से संबंधित पूरी प्रक्रिया भी रद्द मानी जाएगी. इस फैसले से JSSC-CGL के जरिए नौकरी कर रहे करीब 1,975 अभ्यर्थियों का भविष्य भी प्रभावित होगा. सीएम की घोषणा के बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्रों में खुशी का माहौल दिखा. छात्रों ने इसे आंदोलन के पहले चरण की बड़ी सफलता बताया और सीएम का आभार जताया. हालांकि, छात्रों ने साफ कहा कि CBI जांच की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
CGL में इन पदों पर हुआ था चयन
JSSC-CGL के जरिए सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 847, कनीय सचिवालय सहायक के 293, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 170, प्लानिंग असिस्टेंट के 04, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 191, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 249 और अंचल निरीक्षक सह कानूनगो के 178 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ था. अब परीक्षा और परिणाम रद्द होने के बाद इन सभी चयनित अभ्यर्थियों पर भी इसका असर पड़ेगा.
टीडीपीएल के माध्यम से ली गयी ये परीक्षाएं रद्द की गयीं
1. 14वीं सिविल सेवा रेगुलर पीटी : कुल 103 पदों के लिए आयोग ने 564 केंद्र पर 19 अप्रैल 2026 को ली थी. इसमें कुल 1,10,875 अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षाफल दो जुलाई 2026 को जारी हुआ. 2204 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए, जो 25 जुलाई 2026 को ली जानी थी, लेकिन इसे स्थगित करना पड़ा.
2. सिविल सेवा बैकलॉग पीटी 2023 : कुल सात पदों के लिए पीटी 10 मई 2026 को किया गया, जिसका रिजल्ट 24 जून 2026 को जारी हुआ. इसमें 125 अभ्यर्थी सफल हुए, मुख्य परीक्षा एक अगस्त से तीन अगस्त 2026 को लेनी थी, लेकिन सीआइडी जांच के कारण स्थगित करनी पड़ी.
3. सिविल सेवा बैकलॉग पीटी-2025 : कुल 45 पदों के लिए पीटी का आयोजन छह जुलाई 2026 को हुआ था. इसमें 759 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए. इनकी मुख्य परीक्षा आठ अगस्त से 10 अगस्त 2026 को होनी थी, लेकिन सीआइडी जांच के कारण परीक्षा स्थगित करनी पड़ी.

4. फॉरेस्ट रेंज अफसर : 170 पदों के लिए आयोग द्वारा पीटी 29 जून 2025 को हुआ था. जिसका रिजल्ट पांच दिसंबर 2025 को निकला. फिर 22 से 24 जनवरी 2026 तक मुख्य परीक्षा हुई. रिजल्ट तीन जुलाई 2026 को जारी किया गया. इसमे 743 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए. इनकी शारीरिक जांच परीक्षा 11 अगस्त से 13 अगस्त 2026 को होनी थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया.
5. सहायक वन संरक्षक : कुल 78 पदों के लिए पीटी 13 जुलाई 2025 को हुआ. 5 रिजल्ट नौ दिसंबर 2025 को निकला. इसके बाद मुख्य परीक्षा चार अप्रैल से छह अप्रैल 2026 तक हुई, जिसका रिजल्ट सात जुलाई 2026 को जारी किया ‘गया. इसमे 368 अभ्यर्थी सफल हुए, सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच परीक्षा 17 से 18 अगस्त 2026 को होनी थी, जिसे स्थगित करनी पड़ी,
6. एपीपी रेगुलर नियुक्ति : 134 पदों के लिए आयोग ने एपीपी पीटी का आयोजन 20 दिसंबर 2025 को लिया था. इसका रिजल्ट 19 जून 2026 को जारी किया गया. जिसमें 2515 अभ्यर्थी सफल हुए.
7. एपीपी बैकलॉग नियुक्ति : कुल 26 पदों के लिए पीटी का आयोजन 13 दिसंबर 2025 को ली गयी. इसका रिजल्ट पांच मई 2026 को जारी किया गया. जिसमें 351 अभ्यर्थी सफल घोषित किये गये.

8. सिविल जज जूनियर : 138 पदों के लिए आयोग द्वारा दो जुलाई 2024 को परीक्षा ली गयी. लेकिन टीडीपीएल ने सिर्फ इस परीक्षा का रिजल्ट छह जून 2026 को जारी किया है. इसमें 1844 अभ्यर्थी सफल हुए है.
सीजीएल-2023 : कब-कब क्या हुआ
अक्तूबर 2023 : परीक्षा की शुरुआती संभावित तिथि 14 और 15 अक्टूबर 2023 तय हुई थी, जिसे टाल दिया गया था.
दिसंबर 2023 : दूसरी बार परीक्षा की तिथि 16 और 17 दिसंबर 2023 घोषित हुई, लेकिन प्रशासनिक कारणों से स्थगित कर दिया गया.
जनवरी 2024 : परीक्षा 28 जनवरी 2024 को हुई, लेकिन पेपर लीक पर हुए हंगामे के बाद उसी दिन (विशेष कर तीसरी पाली व बाद में तीनों शिफ्टों की परीक्षा) इसे रद्द कर दिया गया. इसके बाद चार फरवरी 2024 को होनेवाला अगला चरण भी स्थगित कर दिया गया.
सितंबर 2024 : परीक्षा 21 और 22 सितबर 2024 को दोबारा ली गयी, जिसमें लगभग 3.04 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए
8 दिसंबर 2025 : हाइकोर्ट के आदेश के आलोक में जेएसएससी ने सीजीएल परीक्षा का परिणाम निकाला. 1932 अभ्यर्थी सफल हुए थे, 10 का परिणाम रोका गया था.
30 दिसंबर 2025 : सफल अभ्यर्थियों को मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र बांटा था.
Also Read : JPSC-JSSC मामले में CBI जांच से कम कुछ भी मंजूर नहीं – बाबूलाल मरांडी


