बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार सुबह अशोकधाम मंदिर में भगदड़ मचने से कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए. हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई. 23 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई. तीसरी सोमवारी के मौके पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे. इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई.
हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर और तत्काल इलाज के लिए प्रशासन को जरूरी निर्देश भी दिए हैं.
CM ने एक्स पर जताया दुख
सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा।
दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।🙏
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 17, 2026
नीतीश कुमार और जेडीयू नेता संजय झा ने भी हादसे पर दुख जताया. दोनों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
डीएम ने बताया कैसे मची भगदड़?
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, अशोकधाम हॉल्ट पर दोनों ओर से ट्रेन आने के बाद कुछ युवकों ने अचानक भागना शुरू कर दिया. इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया. पोल गिरने के बाद वहां करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई.
डीएम ने बताया कि उस वक्त बिजली आपूर्ति बंद थी और तार भी कवर था. इसके बावजूद अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और भीड़ में भगदड़ मच गई. इसी अफरा-तफरी में कई श्रद्धालु दब गए, जिसमें महिला श्रद्धालुओं की मौत हुई और कई लोग घायल हो गए. हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर राहत-बचाव अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.



