Ranchi : झारखंड हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट रांची परिसर में सोमवार को युवा अधिवक्ताओं ने रेड रिबन लगाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध हाल ही में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में एक युवा अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार और 24 घंटे पुलिस कस्टडी की धमकी दिए जाने की घटना के खिलाफ किया गया। यंग लॉयर्स एसोसिएशन के आह्वान पर बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने पूरे दिन रेड रिबन पहनकर न्यायिक कार्यों में हिस्सा लिया और युवा वकीलों के सम्मान, गरिमा तथा सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग उठाई।
पूरे दिन काम, फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रखी बात
युवा अधिवक्ताओं ने विरोध के बावजूद अपने न्यायिक कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया। पूरे दिन अदालत में काम करने के बाद हाईकोर्ट परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखी। संगठन ने पहले ही विज्ञप्ति जारी कर 11 मई को सभी अधिवक्ताओं से रेड रिबन लगाकर अदालत पहुंचने की अपील की थी। संगठन का कहना था कि यह अभियान युवा अधिवक्ताओं के प्रति एकजुटता और समर्थन का प्रतीक है।
युवा वकीलों को सहयोग और मार्गदर्शन की जरूरत
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यंग लॉयर्स एसोसिएशन के महासचिव वेंकटेश कुमार ने कहा कि युवा अधिवक्ता अपने करियर के शुरुआती दौर में कानून की बारीकियां सीखते हैं और न्याय व्यवस्था को समझने का प्रयास करते हैं। यह समय सीखने, अनुभव हासिल करने और पेशेवर जिम्मेदारियों को समझने का होता है। ऐसे में उन्हें सहयोग, मार्गदर्शन और सकारात्मक माहौल की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि अगर अनुभव की कमी या मानवीय भूल के कारण कोई गलती हो जाए तो उसे सीखने का अवसर मिलना चाहिए, न कि ऐसे व्यवहार से हतोत्साहित किया जाए जिससे उनका आत्मविश्वास टूटे।
बार और बेंच के रिश्ते में संवेदनशीलता जरूरी
वेंकटेश कुमार ने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती बार और बेंच के बेहतर संबंधों पर टिकी होती है। न्यायाधीश महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हैं और उनका सम्मान सर्वोपरि है, लेकिन साथ ही युवा अधिवक्ताओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था तभी मजबूत होगी जब नए अधिवक्ताओं को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलेगा।
रेड रिबन बना एकजुटता का प्रतीक
अधिवक्ताओं ने कहा कि रेड रिबन केवल विरोध का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एकजुटता, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देता है। संगठन ने मांग की कि युवा अधिवक्ताओं को हर स्तर पर सम्मान और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ न्याय व्यवस्था में अपनी भूमिका निभा सकें। इस कार्यक्रम में यंग लॉयर्स एसोसिएशन के फाउंडर वाजिद अली, अध्यक्ष फहीम अख्तर, महासचिव वेंकटेश कुमार, उपाध्यक्ष अभिषेक राज भार्गव, सचिव प्रशासन दिवाकर सिप्पी, शैयाकुर रहमान समेत बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता मौजूद रहे।
Also Read : हाई टेंशन तार की चपेट में झुलसे नाबालिग की इलाज के दौरान मौ’त


