Ranchi : राजधानी रांची के करमटोली इलाके में स्थित Levee Bar & Restaurant में मंगलवार तड़के करीब सुबह 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने धुआं और लपटें उठती देख तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग इतनी तेज थी कि रेस्टोरेंट के अंदर रखा फर्नीचर, किचन का सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तड़के समय रेस्टोरेंट बंद था, इसलिए वहां कोई स्टाफ या ग्राहक मौजूद नहीं था।
कोई हताहत नहीं
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे राहत की बात है। हालांकि, रेस्टोरेंट को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस और फायर विभाग की टीम
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही नुकसान और आग लगने की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें काफी ऊंची थीं और धुआं दूर तक फैल गया था। समय रहते दमकल विभाग के पहुंचने से आग आसपास की दुकानों और इमारतों तक नहीं फैल पाई। फिलहाल रेस्टोरेंट के अंदर हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Also Read : रेड रिबन बांध युवा अधिवक्ताओं ने जताया विरोध, बोले- सम्मान और सुरक्षित माहौल हमारा अधिकार


