रांची : देशभर में शहरों की हवा की गुणवत्ता और उसे बेहतर बनाने की कोशिशों को लेकर जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में झारखंड के शहरों की तस्वीर मिली-जुली सामने आई है. 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राजधानी रांची का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रहा, जबकि धनबाद ने उससे बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की. वहीं, जमशेदपुर भी रैंकिंग में रांची से पीछे रहा.
रांची 27वें, धनबाद 18वें स्थान पर
10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की सूची में लखनऊ 198 अंक के साथ पहले स्थान पर रहा. इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे और जबलपुर 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. झारखंड की बात करें तो धनबाद 174.5 अंक के साथ 18वें स्थान पर है. वहीं रांची को 162.5 अंक मिले और वह 27वें स्थान पर रही. जमशेदपुर 147.3 अंक के साथ 36वें स्थान पर रहा. यानी झारखंड के इन तीन प्रमुख शहरों में धनबाद का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जबकि रांची उससे पीछे और जमशेदपुर सबसे नीचे रहा.
देश में कौन रहा टॉप पर?
सर्वेक्षण में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में लखनऊ ने 198 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया. इसके बाद इंदौर 197 और जबलपुर 195 अंकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. भोपाल और आगरा 192 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे.वहीं सूची के निचले हिस्से में मदुरै 132.1 अंक के साथ 39वें स्थान पर रहा.
कम आबादी वाले शहरों में राउरकेला अव्वल
3 से 10 लाख आबादी वाली श्रेणी में राउरकेला 198.5 अंक के साथ देश में पहले स्थान पर रहा. इस श्रेणी में फीरोजाबाद और गुंटूर क्रमश: 195 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. भुवनेश्वर 193.5 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा. 3 लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कलिंगानगर 198.5 अंक के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि अंगुल 196.5 और तालचर 193.5 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.
वार्ड स्तर पर भी झारखंड की स्थिति
वार्ड स्तर की राष्ट्रीय रैंकिंग में भी झारखंड के कुछ वार्ड शामिल हैं. 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में रांची का RMC Ward 29 राज्य स्तरीय सूची में शामिल है. 10 हजार से 30 हजार आबादी वाले वार्डों में रांची का RMC Ward 26 शामिल है, जबकि 10 हजार या उससे कम आबादी वाली श्रेणी में धनबाद का Dhan15 वार्ड सूची में दर्ज है.
कुल मिलाकर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के आंकड़े झारखंड के लिए एक मिश्रित तस्वीर पेश करते हैं. धनबाद ने रांची के मुकाबले बेहतर रैंक हासिल की है, जबकि जमशेदपुर 36वें स्थान पर रहा. रांची के 27वें स्थान पर रहने से राजधानी में स्वच्छ हवा को लेकर किए जा रहे प्रयासों को और मजबूत करने की जरूरत का संकेत मिलता है.