Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने और लड़कियों को बंधक बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़िता आरती कुमारी ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी का झांसा देकर बुलाया रांची
पीड़िता आरती कुमारी, जो पथरगामा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि सितंबर 2025 में रूपा कुमारी नाम की एक युवती ने उसे फोन किया। उसने रांची में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरती को कहा गया कि एक कंपनी में कंप्यूटर बिलिंग का काम मिलेगा, जिसके लिए उसे रांची आना होगा।
किस्तों में लिए 46 हजार रुपये
आरती के मुताबिक, नौकरी दिलाने के नाम पर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 46 हजार रुपये लिए गए। ये पैसे नकद और ऑनलाइन दोनों तरीके से लिए गए। लेकिन पैसे लेने के बाद न तो नौकरी दी गई और न ही पैसे वापस किए गए। इससे आरती को ठगी का एहसास हुआ।
हॉस्टल में रखा, बाहर निकलने पर रोक
पीड़िता ने बताया कि उसे साहू चौक के पास एक हॉस्टल में रखा गया था। वहां रहने के दौरान लड़कियों को बाहर निकलने नहीं दिया जाता था। इतना ही नहीं, परिवार वालों से बात करने पर भी रोक लगा दी जाती थी। माहौल ऐसा बना दिया गया था कि लड़कियां डर के साये में रहें। आरती ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे अपनी 12वीं की परीक्षा देने से भी रोक दिया गया। इससे उसकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर वह अपने पिता दिलीप भगत के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद भी नहीं रुका उत्पीड़न
आरती का आरोप है कि जब पुलिस ने रूपा कुमारी को पूछताछ के लिए बुलाया, तो वह कुछ अन्य महिलाओं के साथ ओपी पहुंची। वहीं पर उसने आरती के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़िता का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। आरोपियों का यह गिरोह पहले भी कई लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर ठग चुका है। लड़कियों को हॉस्टल में डरा-धमकाकर रखा जाता था, ताकि वे विरोध न कर सकें।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि नौकरी के नाम पर होने वाले फ्रॉड से सावधान रहना कितना जरूरी है।


