Ranchi: विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर रांची नगर निगम ने शहर में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप और डेंगू, चिकनगुनिया तथा मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए ‘हर शनिवार, मच्छरों पर वार’ नामक एक विशेष अभियान शुरू किया है. आज इस पहल के तहत निगम ने वार्ड नंबर 01, 04, 14 और 37 में सघन मच्छर उन्मूलन महाअभियान संचालित किया. यह अभियान कांके रोड, मिसिरगोंदा, बड़गई, बरियातू, चुटिया और जगन्नाथपुर सहित पूरे वार्ड क्षेत्र में युद्धस्तर पर चलाया गया.
इस महाअभियान के दौरान निगम ने व्यापक संसाधनों का उपयोग किया, जिसमें 65 हैंड स्प्रे मशीन, 06 कोल्ड/थर्मल फॉगिंग मशीन, 20 ग्रास कटर मशीन और 90 सफाईमित्रों की टीम तैनात की गई थी. टीमों ने लार्विसाइडल दवाओं का छिड़काव किया, नालियों एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों की गहन सफाई सुनिश्चित की, डोर-टू-डोर सर्वे के जरिए मच्छरों के प्रजनन स्थलों (लार्वा) की पहचान कर उन्हें नष्ट किया और ग्रास कटर की मदद से झाड़ियों व घास की कटाई की ताकि मच्छरों के छिपने के स्थान समाप्त किए जा सकें. साथ ही, वर्ल्ड मलेरिया दिवस पर नागरिकों को घर-घर जाकर मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए.
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, छत, आंगन और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकी व बर्तनों की नियमित सफाई करें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और बुखार या संदिग्ध लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें. किसी भी प्रकार की समस्या के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं या ‘SMART RANCHI’ ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आने वाले ग्रीष्मकाल और मॉनसून को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि नागरिकों के सहयोग से शहर के सभी वार्डों को मच्छरमुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके.
Also Read : डायन प्रथा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पीड़ितों के पुनर्वास पर जोर


