Patna : बिहार में महिला और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को हाईटेक बनाकर एंटी रोमियो स्क्वाड की तर्ज पर सक्रिय करने का फैसला लिया है। इसका मकसद छेड़खानी और उत्पीड़न की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाना है।
4700 स्कूटी-बाइक से मजबूत होगी पेट्रोलिंग
सरकार ने योजना के तहत 4700 स्कूटी और बाइक खरीदने की मंजूरी दी है। इनमें 1500 स्कूटी महिला पुलिसकर्मियों को दी जाएंगी, जबकि 3200 बाइक अन्य पुलिस बल को मिलेंगी। इससे पुलिस की पहुंच अब संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक भी आसानी से हो सकेगी। राज्यभर में यह व्यवस्था सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी।
स्कूल-कॉलेज के बाहर ‘पिंक पेट्रोलिंग’
नई व्यवस्था के तहत स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के बाहर ‘पिंक पेट्रोलिंग’ शुरू की जाएगी। जहां छात्राओं की आवाजाही ज्यादा रहती है, वहां महिला पुलिसकर्मी वर्दी और सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी। छुट्टी के समय खास निगरानी रखी जाएगी, क्योंकि इस दौरान छात्राएं खुद को ज्यादा असुरक्षित महसूस करती हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
66.75 करोड़ का प्लान, योगी मॉडल से प्रेरणा
इस पूरी योजना पर सरकार करीब 66.75 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उद्देश्य है कि शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और अपराध को होने से पहले ही रोका जा सके। इस रणनीति में उत्तर प्रदेश के एंटी रोमियो स्क्वाड मॉडल की झलक दिखाई देती है। अब देखना होगा कि यह व्यवस्था जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती है और महिलाओं को कितना सुरक्षा का भरोसा दिला पाती है।
Also Read : पटना में पाटलिपुत्र टाउनशिप के लिए जमीन चिन्हित, सरकार ने जारी की जमीनों की लिस्ट


