New Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। इस हत्याकांड के आरोपी नौकर राहुल मीणा को पुलिस ने द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आई जानकारी बेहद चौंकाने वाली है, जो बताती है कि आरोपी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया था।
वारदात की टाइमलाइन: 41 मिनट का खौफ
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब पीड़ित युवती घर में अकेली थी। राहुल मीणा को घर की हर गतिविधि और परिवार के रूटीन की जानकारी थी। उसे पता था कि युवती के माता-पिता सुबह जिम और मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर चले जाते हैं। जांच में जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि राहुल सुबह 6:39 बजे घर के भीतर दाखिल हुआ और करीब 41 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर 7:20 बजे वहां से निकल गया। घर की चाबियां कहाँ रखी जाती हैं, इसकी जानकारी होने का फायदा उठाकर उसने बड़ी आसानी से प्रवेश किया।
अलवर में रेप से लेकर दिल्ली तक का ‘एम्बुलेंस सफर’
पुलिस की जांच में आरोपी की अपराधिक मानसिकता का भयावह चेहरा सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद पता चला कि राहुल दिल्ली आने से एक दिन पहले राजस्थान के अलवर में एक रेप की वारदात को अंजाम दे चुका था। वहां दर्ज मामले के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। कानून के शिकंजे से बचने के लिए उसने बेहद शातिराना तरीका अपनाया। सबसे पहले उसने अपना मोबाइल फोन 10 हजार रुपये में बेच दिया ताकि उसकी लोकेशन को ट्रेस न किया जा सके। इसके बाद, उसने राजस्थान से दिल्ली तक का सफर तय करने के लिए 6 हजार रुपये में एक एम्बुलेंस बुक की। वह एम्बुलेंस के जरिए पुलिस की नजरों से बचते हुए दिल्ली पहुंचा, और चालाकी देखिए कि दिल्ली पहुंचने के बाद उसने एम्बुलेंस चालक को किराया तक नहीं दिया और मौके से फरार हो गया।
15 टीमों का गठन और गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि युवती बेहोशी की हालत में घर में पड़ी है। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला दर्ज होते ही दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच की कमान संभाली। आरोपी की धरपकड़ के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने दिल्ली और राजस्थान के कई इलाकों में छापेमारी की। अंततः, लगातार पीछा करने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल गेम्स का आदी था आरोपी
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि राहुल मीणा को मोबाइल गेम्स की लत थी और वह अक्सर लोगों से उधार लेकर पैसे न लौटाने के कारण चर्चा में रहता था। उसे करीब एक साल पहले एक सहयोगी की सिफारिश पर काम पर रखा गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप, हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या नौकर का पुलिस वेरिफिकेशन सही तरीके से हुआ था या नहीं। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है ताकि इस पूरे घटनाक्रम और उसके मंसूबों का विस्तृत खुलासा हो सके।
Also Read : दिल्ली में दहला देने वाली वारदात: पॉश इलाके में IRS अधिकारी की बेटी की रेप के बाद निर्मम हत्या


