
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर की गई उनकी अपील और उस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जवाब है. पंत फिलहाल श्रीलंका दौरे पर हैं और कोलंबो में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच खेल रहे हैं. शुक्रवार को वह विकेटकीपिंग करते भी नजर आए. इसी दिन आधी रात पंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए उत्तराखंड में जमीन खरीदने में मदद की अपील की.
पंत ने कहा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और अपनी जन्मभूमि में रहकर राज्य के लिए काम करना चाहते हैं. उनकी यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई. अब मुख्यमंत्री धामी ने पंत की अपील का जवाब देते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।
आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को… https://t.co/v3iFQVpxUK
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 8, 2026
ADAdvertise With UsReach your target audience with premium placements728x90 Learn More
‘जमीन मिलना एक बुरे सपने जैसा’ : ऋषभ पंत
पंत ने जमीन की तलाश में आ रही परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि आजकल स्पष्टता के साथ जमीन मिलना एक बुरे सपने जैसा हो गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में मदद करने की विनम्र अपील की. उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल से कोशिश करने के बावजूद उन्हें अभी तक जमीन नहीं मिली है.
ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह उत्तराखंड में रहकर राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं. अब पंत की इस अपील के बाद सबकी नजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जवाब पर है. पंत को उम्मीद है कि सरकार उनकी जमीन तलाशने में मदद करेगी और उत्तराखंड में अपना घर बनाने का उनका सपना पूरा हो सकेगा.

