रांची: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता भी आंदोलनकारियों से मिलने पहुंचे. CJP की ओर से अयाज चौहान, राम जोखर, अक्षय सिंह और डॉ. नीतीश व अन्य आंदोलन स्थल पहुंचे और छात्र प्रतिनिधियों से मुलाकात की.
प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन कर रहे छात्रों से उनकी मांगों, अब तक सरकार के साथ हुई बातचीत और आगे की रणनीति की जानकारी ली. इस दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई समेत अपनी प्रमुख मांगों को प्रतिनिधिमंडल के सामने रखा.
दो गुटो से सरकार ने दो दौर की बातचीत की
छात्रों का आंदोलन JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार जारी है. आंदोलनकारी 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा समेत विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं.
इधर, सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत का दौर भी जारी है. शुक्रवार को JPSC-JSSC Reform Manch के प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी. शनिवार को अभ्यर्थी न्याय मंच के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की भी सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकातकी. अभ्यर्थी न्याय मंच का नेतृत्व छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो कर रहे हैं, जो पिछले छह दिनों से अनशन पर हैं.
इसके साथ जयपाल सिंह स्टेडियम में AISA राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा का भी अपना गुट बन गया है.
CJP नेताओं की आंदोलन स्थल पर मौजूदगी को छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों के साथ बातचीत कर आंदोलन से जुड़े मुद्दों को समझा और उनके पक्ष को सुना. आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.




