Ranchi : नोवामुंडी में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी पप्पू रजक की अध्यक्षता में प्रखंड सेंसस सेल की एक अहम गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने की रणनीति तय की गई।
रूपरेखा पर हुआ मंथन
बैठक में प्रतिनियोजित शिक्षक, प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य कर्मी शामिल हुए। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को योजनाबद्ध और नियमों के अनुरूप पूरा कराने की रूपरेखा तैयार करना रहा। खास तौर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
HLO से पहले मिलेगा अभ्यास का मौका
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 मई से 9 मई तक संभावित रूप से आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि वास्तविक HLO (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) शुरू होने से पहले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को अभ्यास का पर्याप्त समय मिल सके।
गंभीरता से काम करने के निर्देश
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि प्रशिक्षण को औपचारिकता न समझा जाए। इसे पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लिया जाए, क्योंकि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की सफलता इसकी तैयारी पर ही निर्भर करती है।

