Deoghar : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोकहरा जोड़ी मोड़ के पास बागा पातर पहाड़ी के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सुबह के समय जब स्थानीय लोग टहलने के लिए निकले थे, तभी उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही लोग सन्न रह गए। तुरंत इसकी सूचना जसीडीह थाना पुलिस को दी गई। खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
रिश्तेदार के घर आया था युवक
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के अल्हैया निवासी शालु साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जसीडीह में अपने किसी रिश्तेदार के घर आया हुआ था। ऐसे में अचानक इस तरह संदिग्ध हालात में उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार के लोगों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घटनास्थल और आसपास के हालात को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। मौके से जुड़े साक्ष्यों को भी इकट्ठा किया जा रहा है। साथ ही मृतक के रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उसके अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जसीडीह थाना के एसआई ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है।
Also Read : बोकारो में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, ह’त्या या आत्मह’त्या पर सस्पेंस


