Bokaro : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र स्थित रामडीह मोड़ के पास ठाकुर बांध तालाब के किनारे रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सुबह टहलने निकले लोगों ने दी सूचना
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोज की तरह कुछ लोग सुबह टहलने निकले थे। तभी उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक की पहचान अंगवाली निवासी करीब 25 वर्षीय धर्मदेव गुप्ता के रूप में हुई है, जो सेक्टर-8 में रहकर काम करता था।
घटनास्थल से बैग बरामद
पुलिस को घटनास्थल के पास से एक बैग भी मिला है। उसे जब्त कर जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं।
हत्या की आशंका भी जताई जा रही
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने मामले को संदिग्ध बताया है।
पूर्व मुखिया सुंदर लाल कोयरी ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया हो सकता है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां अक्सर जुआ और ताश खेला जाता है, जिससे आपराधिक गतिविधियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला आत्महत्या भी हो सकता है, लेकिन सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Also Read : मंत्री दीपक बिरुवा ने किया 4 करोड़ के पुल का शिलान्यास, इलाके के विकास को मिलेगी रफ्तार


