Chaibasa : चाईबासा के विकास को नई गति देने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रोरो नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास मंत्री दीपक बिरुवा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर और नारियल फोड़कर किया। यह पुल मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बनाया जा रहा है। करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल सदर प्रखंड के गाईसूटी पंचायत स्थित कांकी से गिनडीमुंडी को जोड़ने वाले मार्ग पर तैयार होगा। पुल बन जाने के बाद चाईबासा और सरायकेला जिले के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।
बरसात में होती थी भारी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। खासकर बारिश के दिनों में रोरो नदी पार करना काफी मुश्किल हो जाता था। कई बार लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था या लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। इससे छात्रों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती थी।
आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
पुल बनने के बाद न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि आसपास के गांवों में व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। किसानों और छोटे व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा : मंत्री
शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसका लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि काम में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी तरह की लापरवाही न हो।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सतीश सुंडी, मंगल सिंह तियू, मानाराम कुदादा, राजू सुंडी, प्रधान गोप, मनीष सुंडी और मुखिया अनिता तियू समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Also Read : मार्बल व्यवसायी से रंगदारी मांगने वाले तीन गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल से देते थे धमकी


