Palamu : पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में मार्बल व्यवसायी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह, अमन कुमार चौरसिया और शुभम केशरी बताये गये। सभी पलामू के ही रहने वाले हैं। इस संबंध में बीते 19 मार्च को हुसैनाबाद थाना में कांड दर्ज किया गया था। एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर हुसैनाबाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई।
चोरी के मोबाइल से देते थे धमकी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर रंगदारी की साजिश रच रहा था। पहचान छुपाने के लिए चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम केशरी (20 वर्ष) और अमन कुमार चौरसिया (19 वर्ष) नशे में रहने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल चोरी करते थे। बाद में ये मोबाइल और सिम कार्ड मुख्य आरोपी को उपलब्ध कराए जाते थे, जिनका उपयोग धमकी देने में किया जाता था।
मोबाइल व सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड सहित अन्य चोरी के मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एक आरोपी फरार, छापेमारी जारी
मामले में शामिल प्रिंस कुमार उर्फ प्रिंस मेहता, निवासी लोहरपुरा, थाना हैदरनगर, फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस की एसआईटी टीम और पलामू की तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही।


