Gumla : गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कसीरा गांव में एक दर्दनाक घटना हुई। छह साल के बच्चे अनमोल खड़िया का शव कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मां का आरोप और घटना का विवरण
मृतक की मां मंझली खड़ियाइन ने बताया कि गांव का कुलभूषण महली नाम का व्यक्ति उनके बेटे अनमोल को जूस पिलाने का लालच देकर घर से ले गया था। मां ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी चकमा देकर कहीं छिप गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कार्रवाई और जांच
सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जांच के दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं से बच्चे का शव बरामद हुआ। मृतक के पिता टन टनिया खड़िया ने आरोपी कुलभूषण महली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का
पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी जांच के बाद यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम लग रही है। हालांकि, मामले की विस्तृत छानबीन जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Also Read : नशा कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा, झारखंड में बनेगी स्पेशल टास्क फोर्स

