Ranchi : होली खत्म होते ही झारखंड के बड़े शहरों से अपने घर लौटे लोग अब वापस महानगरों की ओर लौटने लगे हैं। इस दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। झारखंड से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद और सूरत जैसे बड़े शहरों में जाने वाले यात्रियों की संख्या साफ दिखाई पड़ रही है।
‘नो रूम’ और लंबी वेटिंग सूची
कई ट्रेनों के डिब्बे खचाखच भरे हुए हैं और अधिकांश ट्रेनों में ‘नो रूम अवेलेबल’ की स्थिति बनी हुई है। कुछ ट्रेनों में 200 से अधिक की वेटिंग सूची भी देखी जा रही है। उदाहरण के लिए, भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (20817) की 3A श्रेणी में 7 मार्च को 42, 14 मार्च को 34 और 21 मार्च को 15 वेटिंग दर्ज की गई। रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) में 7 मार्च को ‘रिग्रेट’ की स्थिति थी, जबकि 11 मार्च को 7 और 14 मार्च को 20 वेटिंग थी। पूरी-आनंद विहार एक्सप्रेस (12801) में 9 मार्च तक स्लीपर क्लास में सीटें ‘रिग्रेट’ हो चुकी हैं। हावड़ा-कालका मेल एक्सप्रेस (12311) में स्लीपर क्लास में सीटें 10 मार्च तक ‘रिग्रेट’ थी और 3A में 100 से अधिक वेटिंग थी। हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस (12321) में स्लीपर क्लास में 200 से अधिक और 3A में 70 से अधिक वेटिंग सूची दर्ज की गई।
रेलवे ने पहले से की तैयारी
धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अप्रैल तक किया जा रहा है। भारतीय रेलवे ने बड़े शहरों से झारखंड और बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 5 दर्जन विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। इन ट्रेनों के चलते यात्रियों को भारी भीड़ और वेटिंग के बावजूद काफी हद तक राहत मिल रही है।
Also Read : झारखंड में ई-सम्मन व्यवस्था लागू करने की तैयारी, जिलों में नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का निर्देश


