Ranchi : नशे के सौदागरों को रांची पुलिस ने तीखी चोट दी है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो विदेश से खतरनाक और महंगा ड्रग्स मंगवा कर रांची में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने दो तस्करों को 100 एलएसडी पैच के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के नाम कुमार अभिषेक और अविनाश कुमार बताये गये। ये लोग एलएसडी को नीदरलैंड से कुरियर के जरिये रांची मंगवाते थे। ऑर्डर करने के लिए डार्क वेब का इस्तेमाल किया जाता था। इस बात का खुलासा आज रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि बीते बुधवार की दोपहर करीब 1:30 बजे एसएसपी राकेश रंजन को पुख्ता जानकारी मिली कि नशे का सामान एक पार्सल के जरिये मंगाया गया है, जिसकी डिलीवरी हेसल स्थित ओझा मार्केट के पास होनी है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस ने बताए गए लोकेशन पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक लाल कपड़ा पहने हुए एक लड़का वहां पहुंचा। माल रिसीव किया और वहां से चल दिया। मोके पर मौजूद पुलिस की टीम ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान कुमार अभिषेक के रूप में हुई।
तलाशी में मिला विदेशी पार्सल
पुलिस ने जब कुमार अभिषेक की विधिवत तलाशी ली तो उसके पैंट की बाईं जेब से एक सफेद लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे पर “NEDERLAND INTERNATIONAL” लिखा हुआ टिकट लगा था, जिससे साफ हुआ कि पार्सल विदेश से आया है। जांच के दौरान लिफाफे के अंदर से 100 एलएसडी पैच बरामद किए गए। ये रंग-बिरंगे कागज के छोटे टुकड़ों के रूप में थे, जिन्हें ड्रग्स के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
क्रिप्टो करेंसी से किया गया भुगतान
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अविनाश कुमार के साथ मिलकर डार्क वेब के जरिए इस ड्रग्स का ऑर्डर दिया था। इसके लिए क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से नीदरलैंड में भुगतान किया गया था। इसके बाद पार्सल को डाक के जरिए रांची मंगाया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पहले भी इस तरह के पार्सल मंगाए गए थे या नहीं।
Also Read : चंपाई सोरेन के पोते वीर की अंतिम विदाई में शामिल हुए सीएम हेमंत, दी श्रद्धांजलि

