Gumla : गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जंगल में एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ। मामला उमड़ा पंचायत के पंडरापानी गांव का है। गांव के खेल मैदान के पास जंगल में महिला की लाश पड़ी मिली। शरीर पर गहरे जख्म थे। आसपास के लोगों ने देखा तो तुरंत पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि महिला के शरीर पर कई वार के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की गई है। जिस हालत में शव मिला, उसे देखकर लोग दहशत में हैं। गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
शादी में शामिल होने निकली थीं
मृतका की पहचान मंगरी देवी के रूप में हुई है। वह बघिमा अम्बाटोली गांव की रहने वाली थीं। परिजनों ने बताया कि वह पंडरापानी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। घर से निकलीं तो थीं खुश होकर, लेकिन रास्ते में ही उनकी जिंदगी खत्म कर दी गई।
डायन बताकर हत्या का आरोप
मंगरी देवी के बेटे सुकरा लोहरा ने गांव के ही गोविंदा खड़िया और जागुड खड़िया पर हत्या का आरोप लगाया है। सुकरा का कहना है कि गोविंदा खड़िया की मां लंबे समय से बीमार थी और जागुड खड़िया को लकवा मार गया था। दोनों ने अंधविश्वास में उनकी मां को डायन कहना शुरू कर दिया था। परिवार का दावा है कि पहले भी उन्हें धमकियां दी गई थीं।
पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पालकोट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया। एसआई गफ्फार अंसारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
Also Read : नीदरलैंड से LSD मंगवा कर रांची में बेचने वाले दो गिरफ्तार, डार्क वेब के जरिये करते थे ऑर्डर

