Ranchi : विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन सुरेश पासवान ने सरकार के पक्ष में बोलते हुए कहा कि राज्य में कृषि योजनाएं काबिले-तारीफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कभी पशुधन के बारे में नहीं सोचता। गाय, सुअर, मुर्गी और बकरी पालन तक पर विपक्ष विरोध करता है। सुरेश पासवान ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अच्छा-अच्छा अनाज खाइएगा तो बुद्धि ठीक रहेगी। इन लोगों को शुगर हो गया है, इसलिए अब मड़ुआ खोज रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि यदि कोई किसान गाय लेकर जाता है, तो विपक्ष तुरंत पुलिस को फोन कर देता है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी के पूंजीपतियों के पास मांस की फैक्ट्रियां हैं और उनकी सरकार को अगले 50 साल तक कोई हिला नहीं सकेगा।
अरूप चटर्जी की मछली और गोचर भूमि पर मांग
अरूप चटर्जी ने कहा कि बड़े जलाशयों में मछली का चारा छोड़ा जाना चाहिए और सरकारी तालाबों की ओपन नीलामी की जाए, जिससे राजस्व बढ़े। उन्होंने मांगुर मछली की तस्करी पर रोक लगाने और गोचर भूमि को चिन्हित कर गोशाला निर्माण की भी मांग की।
निर्मल महतो का हाथियों और सिंचाई मुद्दा
निर्मल महतो ने कहा कि हाथियों के आतंक से किसानों की फसलें भारी नुकसान झेल रही हैं। उन्होंने किसानों के लिए विशेष कोष बनाने की मांग की। साथ ही, दारू प्रखंड के किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा और दामोदर नदी के पानी का उपयोग सिंचाई के लिए किया जाना चाहिए।
जयराम महतो का फसल और मूल्य पर जोर
जयराम महतो ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में किसान सम्मानजनक जीवन नहीं जी पा रहे। अधिकांश खेती मॉनसून पर निर्भर है। उन्होंने वैल्यू एडिशन पर ध्यान देने की जरूरत बताई और कहा कि किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने फूड प्रोसेसिंग और एग्रो यूनिट स्थापित करने की जरूरत जताई, ताकि रोजगार बढ़े और पलायन रुके। जयराम महतो ने कहा कि बोकारो के चतरा चट्टी में किसानों का भुगतान अब तक लंबित है।
मंगल कालिंदी का किसान हितों पर बयान
मंगल कालिंदी ने कहा कि सरकार किसान हितों को लेकर प्रतिबद्ध है। मिलेट मिशन योजना के तहत किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बड़ाम और पटमदा प्रखंड में कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था की आवश्यकता बताई। मंगल कालिंदी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने स्कूल बंद करवा दिए, जिससे किसानों और मजदूरों के बच्चे शिक्षा से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि 17 वर्षों के शासन में बीजेपी ने व्यवस्थाओं को पटरी से उतार दिया।
Also Read :नीदरलैंड से LSD मंगवा कर रांची में बेचने वाले दो गिरफ्तार, डार्क वेब के जरिये करते थे ऑर्डर

