Ranchi : राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में नगर निकाय चुनाव के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। इदरीसीया तंजीम स्कूल स्थित बूथ के बाहर दो अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे चलने लगे। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
वोटरों को बरगलाने के आरोप से शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर वोटरों को बरगलाने और प्रभावित करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों ओर से समर्थक जुटने लगे और हंगामा बढ़ता चला गया। बात संभलती उससे पहले ही हाथापाई शुरू हो गई।
पुलिस पहुंची, हालात काबू में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को हटाया और माहौल को शांत कराया। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई और मतदान की प्रक्रिया पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट की घटना बूथ के बाहर हुई है। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात काबू में कर लिए। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। अगर आवेदन मिलता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : गुमला में पेड़ से लटका मिला युवक और नाबालिग लड़की का श’व


