Palamu : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा गांव में शनिवार को हुई मॉब लिंचिंग की घटना का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है। जांच में सामने आया कि मारा गया लड़का पवन कुमार असल में कोई चोरी नहीं किया था। वह गांव की एक लड़की से मिलने आया था। यह बात छुपाने के लिए आरोपी पारस महतो उर्फ पारसनाथ मेहता और उनके पिता बिरेन्द्र महतो ने झूठी कहानी फैलाई कि पवन ने उनके ट्रैक्टर की बैट्री चोरी की है। इस झूठी सूचना के बाद ग्रामीणों में उग्र भीड़ जमा हो गई और पवन को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पवन कुमार को सदर अस्पताल, मेदिनीनगर भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, गुनाह कबूल
पुलिस ने मामले में पारसनाथ मेहता और उनके पिता बिरेन्द्र महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या और भीड़ को उकसाने की बात स्वीकार की। घटना में इस्तेमाल दो अखैन और तीन मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किए हैं, जो अब कानूनी कार्रवाई में साक्ष्य के तौर पर रखे गए हैं।
पुलिस की चेतावनी
पलामू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी अफवाह पर भरोसा कर भीड़ हिंसा में शामिल न हों। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अफवाहें परिवारों की खुशियाँ छीन सकती हैं, इसलिए शांति और इंसानियत को प्राथमिकता दें।
Also Read : रांची में बूथ के बाहर बवाल, हिंदपीढ़ी के इदरीसीया तंजीम स्कूल में मा’रधाड़… देखें वीडियो


