Patna : सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार की सुबह राज्यवासियों के लिए एक बड़ा ऐलान किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लंबा पोस्ट साझा कर परिवहन विभाग को सड़कों पर पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पांच अहम निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट किया कि पैदल चलने वाले लोगों का सम्मान और उनका सुरक्षित जीवन प्राथमिकता है।
20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। सात निश्चय-3 (2025-30) के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) के तहत राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। इसी…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) February 21, 2026
सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’
सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद सात निश्चय-3 (2025-30) के कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसमें सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत राज्य के नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ती आमदनी और वाहनों की संख्या के चलते पैदल यात्रियों को असुविधा हो रही थी। इसे देखते हुए राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल चलने वालों के अधिकारों और सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं।
पांच बड़े निर्देश
- फुटपाथ निर्माण : शहरी क्षेत्रों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर जल्द से जल्द फुटपाथ बनवाने का निर्देश।
- जेब्रा क्रॉसिंग : पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क पर चिन्हित स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी।
- फुट ओवर ब्रिज/अंडरपास : भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास का निर्माण।
- वाहन चालकों का प्रशिक्षण : सभी सरकारी और निजी वाहन चालकों को पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए प्रशिक्षण देना।
- ब्लैक स्पॉट चिन्हित करना : दुर्घटना संभावित जगहों पर फुटपाथ और सीसीटीवी कैमरा लगाना ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उद्देश्य और उम्मीद
सीएम ने कहा कि इन सभी सुविधाओं को जल्द से जल्द लागू कर राज्य की सड़कों पर पैदल यात्रियों का जीवन सुरक्षित और आसान बनाने का लक्ष्य है। उनका मानना है कि यह पहल पैदल चलने वालों के दैनिक जीवन में काफी मददगार साबित होगी।
Also Read : त्योहार पर यात्रियों को राहत, टाटा-बक्सर समेत 3 रूटों पर स्पेशल ट्रेन

