Latehar : लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के पचफेड़ी के पास महाशिवरात्रि की खुशियां उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार गाड़ी ने जुलूस के पास खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना रविवार देर शाम की है, जब इलाके में शिव बारात की झांकी निकाली जा रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उसे देखने के लिए जुटे थे। बताया जा रहा है कि थार (जेएच-01EY-0049) मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थी। इसी दौरान पचफेड़ी के पास वाहन अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे खड़ी एक बाइक और एक चारपहिया वाहन को टक्कर मार दी।
श्रद्धालुओं के बीच घुसी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिव बारात की झांकी देखने के लिए लोग सड़क किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार थार वहां आ धमकी और पहले बाइक को ठोकर मारी, फिर पास खड़ी चारपहिया गाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हालांकि, कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
चालक पर नशे में होने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि गाड़ी चला रहे प्रमोद कुमार नशे की हालत में थे। वाहन में उनके साथ एक महिला भी सवार थी। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड देख भड़के लोग
घटना के बाद जब लोगों की नजर थार पर पड़ी तो देखा गया कि गाड़ी पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड लगा हुआ था और अंदर ‘प्रशासन’ लिखा हुआ था। यह देखकर लोगों में और ज्यादा आक्रोश फैल गया। लोगों को लगा कि पद का धौंस दिखाकर लापरवाही की जा रही है। स्थिति बिगड़ती देख मनिका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए प्रमोद कुमार को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और वाहन समेत हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं प्रमोद कुमार
मिली जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार गढ़वा जिले के मांझिआव अंचल में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। राज्य सरकार ने 4 नवंबर 2025 को उन पर पैसे के लेनदेन, कार्यालय में शराब सेवन और कार्यालय आए लोगों से दुर्व्यवहार जैसे आरोपों में कार्रवाई की थी। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी श्यामा रानी ने भी अंचलाधिकारी के सरकारी आवास में एक महिला के साथ रंगे हाथ पकड़े जाने का आरोप लगाया था। यह मामला भी काफी चर्चाओं में रहा था।
Also Read : लैंड फॉर जॉब केस : राउज एवेन्यू कोर्ट में आज पेश होंगे लालू-राबड़ी

