Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम लोगों को जमकर परेशान कर रहा है। सुबह-सुबह ठंड ऐसी कि लोग कांपते नजर आते हैं, दोपहर होते ही गर्मी के कारण स्वेटर उतारना पड़ता है और जैसे ही शाम ढलती है, फिर से ठंडक बढ़ जाती है। हालात ऐसे हैं कि लोग दिन में कई बार स्वेटर पहनने और उतारने को मजबूर हैं।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी साफ दिख रहा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सर्दी, खांसी और सीजनल बुखार लगभग हर तीसरे घर में देखने को मिल रहा है।
रांची, खूंटी और गुमला में कनकनी ठंड का असर
राज्य के उत्तरी और मध्य जिलों में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रांची, खूंटी, गुमला, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। इन इलाकों में सुबह और रात के समय कनकनी ठंड महसूस की जा रही है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी और मध्य झारखंड में तापमान का यही हाल अगले चार दिनों तक बना रह सकता है। रांची, पलामू, लातेहार, खूंटी और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे और अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दक्षिणी जिलों में दोपहर की गर्मी से बेहाल लोग
दूसरी ओर, राज्य के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में हालात बिल्कुल अलग हैं। जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, देवघर और साहिबगंज जैसे इलाकों में दोपहर के वक्त गर्मी लोगों को चैन नहीं लेने दे रही है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे लोग पसीने-पसीने हो रहे हैं। हालांकि रात में यहां न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी जिलों में हल्की गर्मी का यह सिलसिला अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है, लेकिन दिन और रात के तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
अगले चार दिन भी जारी रहेगा मौसम का “यू-टर्न”
फिलहाल झारखंड में मौसम का यह “यू-टर्न” जारी रहने वाला है। सुबह ठंड, दोपहर में गर्मी और शाम होते-होते फिर से ठंड का यह चक्र आने वाले चार दिनों तक लोगों की दिनचर्या और सेहत दोनों पर असर डाल सकता है।
Also Read : झारखंड कैडर के आईपीएस अफसरों की संपत्ति का खुलासा… जानें


