Ranchi : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। उत्तरी भारत में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब राज्य में साफ दिखने लगा है। सर्द हवाओं की वजह से तापमान तेजी से नीचे गिरा है और कई जिलों में ठंड का असर काफी तेज हो गया है। हालात ऐसे हैं कि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री तक नीचे चला गया है।
कई जिलों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
रांची और जमशेदपुर को छोड़ दें तो लगभग सभी जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा ठंड गुमला में पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खूंटी, सिमडेगा और मेदिनीनगर जैसे जिलों में भी सुबह और शाम ठंड लोगों को खासा परेशान कर रही है।
9 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो 9 फरवरी से झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और यह स्थिति करीब चार दिनों तक बनी रह सकती है। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी तो होगी, लेकिन ठंड का अहसास पूरी तरह खत्म नहीं होगा।
अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। सर्द हवाएं चलती रहेंगी और तापमान कम बना रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बादल छाए रहने से सुबह के समय कुहासा देखने को मिल सकता है।
रांची का मौसम कैसा रहा
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।
| जिला | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
|---|---|
| गुमला | 5.0 |
| खूंटी | 5.7 |
| सिमडेगा | 6.9 |
| पलामू (मेदिनीनगर) | 7.1 |
| हजारीबाग | 8.6 |
| सरायकेला | 8.6 |
| पाकुड़ | 9.6 |
| लोहरदगा | 9.8 |
Also Read : व्यापारियों की सुरक्षा पर मंथन : सिटी एसपी बोले- धमकी मिले तो तुरंत दें सूचना


