Jamshedpur : कदमा टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास ड्यूटी पर तैनात जवान को कार से कुचलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
घटना 3 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि की है, जब कदमा टोल ब्रिज के पास ड्यूटी पर तैनात जवान हीरालाल महतो पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि अपराधियों ने कार से कुचलकर जवान की हत्या करने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल किया गया सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिज़ायर कार को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत जमशेदपुर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस से नाराजगी के चलते उन्होंने साजिश रचकर जवान को कार से कुचलने का प्रयास किया था। बताया गया कि घटना के समय सभी आरोपी नशे की हालत में थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Also Read : जामताड़ा में साइबर अपराध रोकने के लिए एसपी की सख्त पहल, बैंक अधिकारियों को चेतावनी


