Samastipur : सीएम नीतीश कुमार दूसरे चरण की समृद्धि यात्रा के तहत आज यानी गुरुवार को समस्तीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले को कुल 827 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। सीएम ने 470 करोड़ रुपये की लागत से 71 योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 273.02 करोड़ रुपये की 74 योजनाओं का उद्घाटन और 83.29 करोड़ रुपये की लागत से 43 योजनाओं का कार्य प्रारंभ कराया।
2005 से पहले की सरकारों पर सीएम का हमला
सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और वर्ष 2005 से पहले की सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने लालू-राबड़ी शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राज्य की स्थिति बहुत खराब थी। लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे, समाज में अशांति थी और शिक्षा व स्वास्थ्य की स्थिति भी कमजोर थी। सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में महिलाओं के लिए भी कोई विशेष प्रयास नहीं किए गए थे और बिजली व सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। अब राज्य में डर और भय का माहौल नहीं है, बल्कि शांति, भाईचारा और विकास का वातावरण है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया। बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण हुआ। सात निश्चय योजना के तहत हर घर बिजली, नल-जल, शौचालय और पक्की सड़कों से टोलों को जोड़ने का काम पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि 2018 में ही हर घर बिजली पहुंचा दी गई और आज अधिकांश घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली मिल रही है।
महिला सशक्तीकरण और भविष्य की योजनाएं
सीएम ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार ने लगातार काम किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 से 2030 के बीच विकास की गति को और तेज किया जाएगा। चारों कार्यकालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कृषि समेत हर क्षेत्र में काम हुआ है। केंद्र सरकार का भी राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है और अगले पांच वर्षों के लिए सात निश्चय-3 की शुरुआत की गई है।
Also Read : जमशेदपुर में शॉर्ट सर्किट से आ’ग, 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौ’त


