Jamshedpur : सीताराम डेरा थाना क्षेत्र के भालुबासा इंद्रानगर बस्ती में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला आग की चपेट में आने से दम तोड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पड़ोसियों और परिजनों ने बताया कि यह घटना रात 3 से 4 बजे के बीच हुई। महिला अपने कमरे में सो रही थीं और आग की तेज लपटों के कारण उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला। महिला की बेटी ने बताया कि परिवार रात को खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सो गया था।
आस-पास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। बाद में दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीताराम डेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना गया है, वहीं पुलिस संभावित अन्य कारणों की जांच भी कर रही है।
Also Read : लालपुर में ज्वेलर्स दुकान लूट की बड़ी साजिश को रांची पुलिस ने किया नाकाम, दो अपराधी गिरफ्तार


