Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों को इलाके में एक कुख्यात तड़ीपार अपराधी के मौजूद होने की सूचना मिली। घटना बागबेड़ा थाना चौक स्थित डीभी रोड की है।
बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक तिवारी उर्फ काणा एक नाश्ता दुकान में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी रामनगर शाखा मैदान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
तड़ीपार होने के बावजूद घुसपैठ
गौरतलब है कि जिला पुलिस प्रशासन ने आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे पिछले महीने ही तड़ीपार किया था। इसके बावजूद वह नियमों का उल्लंघन करते हुए जमशेदपुर में दाखिल हुआ था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपक तिवारी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से अपने गृह क्षेत्र बागबेड़ा पहुंचा था। विसर्जन को लेकर बड़ौदा घाट सहित आसपास के इलाकों में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था।
फायरिंग की चर्चा
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अंदाज में आरोपी को धर दबोचा। स्थानीय लोगों का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान फायरिंग की भी सूचना मिली, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गंभीर आपराधिक मामलें
दीपक तिवारी उर्फ काणा पर हत्या, फायरिंग और अवैध शराब कारोबार समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में गांजा कारोबारी बबलू सिंह पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : शेयर बाजार में मंगलवार को उतार-चढ़ाव के बीच तेजी


