Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव की मंगलवार को घोषणा हो सकती है। उम्मीद जताया जा रहा है कि दोपहर 2 बजे निर्वाचन आयोग की प्रेसवार्ता में इसकी आधिकारिक घोषणा होना है। नगर निकाय चुनाव की घोषणा होने से यह जीत का श्रेय रीना कुमारी को भी जायेगा। दरअसल, यह बात इसलिए कहा जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर सबसे पहले जामताड़ा की रीना कुमारी ने आवाज़ उठाई। 12 अप्रैल 2023 को रीना कुमारी ने झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की। उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका संख्या W.P.(C) No. 1923 of 2023 दायर कर राज्य सरकार, राज्य निर्वाचन आयोग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव को पक्षकार बनाकर नगर निकाय चुनाव की घोषणा को लेकर आवाज बुलंद किया था।
हाईकोर्ट में पहली बार हुई थी इस मामले में सुनवाई
20 अप्रैल 2023 को इस मामले की पहली सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने सरकार और निर्वाचन आयोग को नोटिस भेजा और उनसे जवाब माँगा। इसके बाद मामला आगे बढ़ता रहा। रीना कुमारी के इस कदम से प्रेरणा लेकर चार और लोग जिसमें रोशनी खलखो, अरुण कुमार झा, बिनोद कुमार सिंह और सुनील कुमार यादव ने भी 28 अप्रैल 2023 को अलग से हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
जिसका याचिका संख्या W.P.(C) No. 2290 of 2023 था।
कुछ समय बाद हाईकोर्ट ने दोनों मामलों को एक साथ जोड़ दिया और 04 जनवरी 2024 को एक अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने साफ़ कहा कि “सरकार यह सुनिश्चित करे कि नगर निकाय चुनावों की प्रक्रिया किसी भी तरह से न रुके और इसके लिए सभी ज़रूरी इंतज़ाम किए जाएँ।”
फैसले के बाद भी जब चुनाव की प्रक्रिया में देरी होती रही, तो रीना कुमारी और अन्य याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की, ताकि कोर्ट के आदेश का पालन हो सके। 24 नवंबर 2025 को हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड में लिया कि राज्य सरकार ने चुनाव से जुड़े सभी जरूरी कागज़ात और जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को दे दी है। निर्वाचन आयोग ने भी इसे सही माना। इसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 30 मार्च 2026 तय की।
सरल शब्दों में कहें तो… जामताड़ा की रीना कुमारी ने सबसे पहले हिम्मत दिखाई और कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। उनके प्रयासों से बाकी लोग भी आगे आए। सभी के लगातार प्रयासों से नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ी। यह पूरा मामला इस बात का उदाहरण है कि रीना कुमारी जैसी एक आम नागरिक की पहल भी लोकतंत्र को आगे बढ़ा सकती है।
Also Read : तड़ीपार काना चढ़ा पुलिस के हत्थे, बागबेड़ा पुलिस ने की कार्रवाई


