Patna : जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह राठौड़ ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी की आगामी रणनीतियों का खुलासा किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से क्षमा मांगते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप कार्य व्यस्तता के कारण प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित नहीं हो सके, इसलिए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर वे ही उनका पक्ष सामने रख रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह राठौड़ ने बताया कि 1 फरवरी को जनशक्ति जनता दल की कार्यकारिणी की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। खास तौर पर पार्टी में अनुशासन बनाए रखने और पूरे बिहार में संगठन को मजबूत करने की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि JJD सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखती है और न तो आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करती है और न ही ब्लेम गेम में भरोसा रखती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी स्थानीय निकाय उपचुनावों में सक्रिय रूप से भाग लेगी। इसके साथ ही शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव, जो बिहार के कुल 9 प्रमंडलों में होने हैं, उनमें भी JJD पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी ऐलान किया कि जनशक्ति जनता दल बंगाल विधानसभा चुनाव भी लड़ेगी। सीटों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिहारी आबादी अधिक है, पार्टी उन सीटों पर विशेष फोकस करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि JJD बंगाल में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरकर सामने आएगी।
अंत में जय सिंह राठौड़ ने कहा कि पार्टी से जुड़े सभी अहम फैसलों और गतिविधियों की जानकारी आगे भी मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाती रहेगी।
Also Read : गणतंत्र दिवस पर झारखंड सरकार की बड़ी घोषणा, बेटियों को मिलेगी 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता


