Ranchi : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में जहां लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया, वहीं कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक सीपी सिंह और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। पिछले साल की तरह इस बार भी दोनों नेताओं के बीच मजाक और राजनीतिक तंज का दौर चलता नजर आया। योग दिवस के राजकीय कार्यक्रम में ज्यादातर लोग सफेद टीशर्ट और सफेद ट्राउजर पहनकर पहुंचे थे। वहीं, भाजपा विधायक सीपी सिंह काले रंग के कपड़ों में नजर आए। इसी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा, “क्या आप ब्लैक डे मना रहे हैं, जो काला ड्रेस पहनकर आए हैं?” इरफान अंसारी की इस टिप्पणी पर सीपी सिंह ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, “रंग में क्या रखा है, जैसी सोच होती है वैसे ही विचार होते हैं।”
कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। सीपी सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “इन लोगों के जुबां पर हिंदुस्तान और दिल में पाकिस्तान है।” वहीं, डॉ. इरफान अंसारी ने भी पलटवार करते हुए कहा, “हिंदू जलकर राख हुआ, मुल्ला मर कर खाक… भाजपा वाले न सिखायें मुझे।” दोनों नेताओं के बीच हुई यह बातचीत वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, यह शुरुआत मजाक से हुई, लेकिन बाद में दोनों नेताओं के बयान राजनीतिक रंग लेते नजर आए।
सीपी सिंह ने योग और बाबा रामदेव का किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान विधायक सीपी सिंह ने योग के महत्व पर बात करते हुए कहा कि योग भारत की पुरानी परंपरा है और इसके फायदे पूरी दुनिया ने स्वीकार किए हैं। उन्होंने कहा कि योग के बारे में लोगों को पहले से जानकारी थी, लेकिन इसे घर-घर तक पहुंचाने में बाबा रामदेव की बड़ी भूमिका रही है। सीपी सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे मन को शांति और जीवन में संतुलन भी मिलता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली और 21 जून को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा।
इरफान अंसारी ने भी दी योग दिवस की शुभकामनाएं
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि योग और व्यायाम को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उनका संदेश था, “करें योग, रहें निरोग।”
कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में योग प्रेमी मौजूद थे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया और लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
Also Read : फादर्स डेः झारखंड के इन पांच पिताओं में है कुछ खास, दो नाम चौंकाएंगे

